नई दिल्ली: दिल्ली एयरपोर्ट से शुक्रवार को उड़ान भरने वाली सभी इंडिगो फ्लाइटस को आधी रात तक रद्द कर दिया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि पांच दिसंबर 2025 को दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली इंडिगो की घरेलू फ्लाइटस आज आधी रात (23:59 बजे तक) रद्द की जाती हैं। अन्य सभी एयरलाइंस का संचालन निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेगा।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, देश भर में इंडिगो उड़ानों में रुकावटों के बीच, करीब 500 इंडिगो उड़ानें रदद् हुई हैं या उनमें विलंब हुआ है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।देश के कई हवाईअड्डों पर कोई स्पष्ट जानकारी या वैकल्पिक यात्रा के बिना बड़ी संख्या में यात्री परेशान और हताश दिखे। इस बीच उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने पायलट ड्यूटी नियमों में कुछ ढील दी है।
यात्रियों ने क्या बताया:
बेंगलुरु के केंपेगोडा हवाई अड्डे पर इंतजार करतीं एक यात्री नमिता ने एएनआई से कहा कि मुझे अपने पिता की अस्थियों के विसर्जन के लिए हरिद्वार जाना था और मुझे पहले दिल्ली जाना है और वहां से देहरादून की फ्लाइट पकड़नी है। हमें पहले कुछ भी नहीं बताया गया और अब कहा जा रहा है कि उड़ान रदद् हो गई है और आप दूसरे एयरलाइन से टिकट बुक कर सकती हैं। जोकि आज की तारीख में किराया 60 हजार रुपये है।
हैदराबाद एयरपोर्ट पर एक यात्री ने एएनआई को बताया कि वो फ्लाइट पकड़ने के लिए सुबह पांच बजे ही पहुंच गई थीं लेकिन उन्हें बताया गया कि फ्लाइट कैंसल हो गई है। वो घर लौटीं और सात बजे उन्हें फोन आया कि फ्लाइट जाने वाली है। वो फिर एयरपोर्ट लौटीं लेकिन उन्हें लंबी कतार में दोबारा लगना पड़ा। पटना, कोलकाता, मुंबई, पुणे समेत लगभग सभी हवाईअड्डों पर इंडिगो के यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा सकती है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
