केरल: ब्रिटेन से 14 सदस्यों की एक टीम केरल के तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची है। तीन हफ्ते पहले रॉयल नेवी के एक एफ़-35बी फाइटर जेट ने यहां आपात लैंडिंग की थी, ये टीम इसी जेट की मरम्मत के लिए पहुंची है। अब यह टीम विमान को दुरुस्त कर, उसे वहां से हटाने की प्रक्रिया शुरू करेगी।
ब्रिटिश हाई कमीशन ने एक बयान में कहा है कि यूके ने जेट की मरम्मत के लिए मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (एमआरओ) फैसिलिटी में जगह देने के भारत के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। इस पर संबंधित अधिकारियों के साथ अंतिम तैयारियों पर बातचीत चल रही है। यह फाइटर जेट हिंद महासागर में उड़ान के दौरान खराब मौसम के कारण रॉयल नेवी के विमानवाहक पोत, एचएमएस प्रिंस ऑफ़ वेल्स पर लौट नहीं पाया था, जिसकी वजह से इसे तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा।
बयान के अनुसार रविवार दोपहर भारत पहुंचे इंजीनियर विमान को हटाने और मरम्मत के लिए जरूरी विशेष उपकरण लेकर आए हैं। बयान में बताया गया है कि विमान को मानक प्रक्रिया के तहत हटाया जाएगा। इसमें यह भी कहा गया है कि ‘भारतीय अधिकारियों और एयरपोर्ट की टीमों के सहयोग और समर्थन के लिए यूके बेहद आभारी है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
