नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार आंध्र प्रदेश के काकीनाडा और मछलीपट्टनम के बीच चक्रवात ‘मोंथा’ की लैंडफ़ॉल प्रक्रिया शुरू हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह प्रक्रिया तीन घंटे तक चलेगी। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहेगी। वर्तमान में चक्रवात का केंद्र मछलीपट्टनम से 120 किलोमीटर, काकीनाडा से 110 किलोमीटर और विशाखापट्टनम से 220 किलोमीटर दूर है।
भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की डायरेक्टर डॉक्टर मनोरमा मोहंती ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा कि आंध्र प्रदेश क्रॉस करने के बाद इसके ओडिशा के दक्षिण हिस्सों तक पहुँचने की आशंका है, जिसके चलते मलकानगिरी, कोरापुट और नबरंगपुर समेत 8 जिलों में रेड अलर्ट जारी है। इन जिलों में भीषण बारिश की आशंका है। ईस्ट कोस्ट रेलवे की ओर से जारी अपडेट के अनुसार अब तक कुल 61 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं।
इसके अलावा कुछ ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। ओडिशा में चक्रवात से संभावित प्रभावित जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा रहा है। चक्रवात से बचाव के लिए आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पुडुचेरी, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में एनडीआरएफ़ की 26 टीमें तैनात की गई हैं। एनडीआरएफ ने कहा है कि 19 टीमों को स्टैंडबाय पर रखा गया है। इसके अलावा एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
