बिहार: बिहार विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत मिलने के बाद राज्य में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। बुधवार को विधानसभा भंग होगी और 20 नवंबर, गुरुवार को मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण समारोह पटना के गांधी मैदान में होगा। निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। इस बीच बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने इस समारोह में आने वाले वीआईपी मेहमानों के बारे में बताया है।
उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर को होगा। नीतीश कुमार की ऐतिहासिक जीत के बाद एनडीए, सरकार बनाने जा रहा है। प्रधानमंत्री यहां होंगे। कई मुख्यमंत्री भी आएंगे। उन्होंने बताया कि इसमें एनडीए-बीजेपी के नेता, सांसद, पदाधिकारी और विधायक शामिल होंगे। यह एक उत्साहपूर्ण शपथ ग्रहण समारोह है। बिहार के मुख्य सचिव, डीजीपी, पटना डीएम, राज्य प्रभारी और एनडीए नेता सभी यहां हैं और सुझाव दे रहे हैं, लेकिन यह सरकार का कार्यक्रम है।
बीजेपी नेता नितिन नबीन ने बताया कि इस समारोह में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और अन्य केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे। बिहार उत्सव की तरह इसका जश्न मनाएगा और मुख्यमंत्री खुद हर चीज की निगरानी कर रहे हैं। इससे पहले नीतीश कुमार एनडीए के अन्य नेताओं के साथ गांधी मैदान पहुंचे और तैयारियों के बारे में जानकारी ली।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
