श्रीलंका: श्रीलंका भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि श्रीलंका में भीषण बाढ़ से निपटने में मदद के लिए शुरू किए गए ऑपरेशन सागर बंधु के तहत बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। मंत्रालय के अनुसार एमआई-17 हेलिकॉप्टरों की मदद से जिन लोगों को बचाया गया है, उनमें जर्मनी, दक्षिण अफ्रीका, स्लोवेनिया और यूनाइटेड किंगडम के नागरिक शामिल हैं। भारतीय वायु सेना ने बताया कि प्रतिबंधित क्षेत्र में फंसे लोगों को निकालने के लिए एक हाइब्रिड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
इसके तहत एक गरुड़ कमांडो को नीचे उतारकर फंसे हुए लोगों के समूह को गाइड किया गया और उन्हें कोटमाले स्थित पहले से तय हेलीपैड तक पहुंचाया गया। यहां से कुल 24 लोगों को निकाला गया, जिनमें भारतीय नागरिकों के साथ-साथ विदेशी नागरिक और श्रीलंकाई भी शामिल थे। सभी को रेस्क्यू कर कोलंबो लाया गया है। वायु सेना ने बताया कि इससे पहले श्रीलंकाई सेना के 40 जवानों की पांच टीमों को राहत कार्य में सहयोग के लिए दियातलावा के आर्मी कैंप से एयरलिफ्ट कर भूस्खलन प्रभावित कोटमाले इलाके में पहुंचाया गया था। एयर फोर्स ने इस ऑपरेशन की तस्वीरें और वीडियो भी जारी किए हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
