सीकर: राजस्थान (Rajasthan) के नगरीय निकाय चुनाव (Nagar Nikay Chunav) के पहले चरण की वोटिंग (Voting) से पहले चुनावी माहौल लगातार गरमा रहा है। सीकर (Sikar) में एक ओर प्रत्याशी जोर-शोर से प्रचार में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर वार्ड नंबर 53 में सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने मतदान बहिष्कार (Election boycott) का ऐलान कर दिया है। इसी बीच बॉलीवुड (Bollywood) और टीवी से जुड़े चेहरे भी चुनाव प्रचार में नजर आ रहे हैं। बिग बॉस-7 फेम एजाज खान (Ajaz Khan) ने सीकर में कांग्रेस (Congress) प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं कीं।

वार्ड-53 में पोस्टर लगाकर कहा- रास्ता नहीं तो वोट नहीं:
सीकर के वार्ड नंबर 53 स्थित धन्ना दरोगा की ढाणी में सड़क नहीं होने और जलभराव की समस्या से परेशान लोगों ने चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है। क्षेत्र में जगह-जगह ‘रास्ता नहीं तो वोट नहीं’ के पोस्टर लगाए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क और जलभराव की समस्या बनी हुई है। चुनाव के दौरान प्रत्याशी और नेता वोट मांगने पहुंच रहे हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी नाराजगी के चलते लोगों ने मतदान नहीं करने का फैसला लेने की चेतावनी दी है।
सीकर में एजाज खान ने किया चुनाव प्रचार:
निकाय चुनाव के प्रचार के बीच बॉलीवुड एक्टर (Bollywood Actor) और ‘बिग बॉस-7’ (Big Boss-7) फेम एजाज खान भी सीकर पहुंचे। उन्होंने वार्ड नंबर 3 में कांग्रेस प्रत्याशी आबिद हसन और वार्ड नंबर 64 में कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद शोएब के समर्थन में सभाओं में हिस्सा लिया और प्रचार किया।
चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में सुबह से लेकर देर रात तक जनसंपर्क कर रहे हैं।
चुनाव ड्यूटी के लिए अधिग्रहित गाड़ियों को वापस भेजा:
सीकर में निकाय चुनाव (Nikay Chunav-2026) के लिए करीब 150 गाड़ियां अधिग्रहित की गई थीं। ड्राइवरों का कहना है कि कलेक्टर आशीष मोदी (Sikar Collector Asish Modi) के आदेश पर 7 से 9 सितंबर तक गाड़ियों को अधिग्रहित कर पुलिस लाइन आरआई को सुपुर्द किया गया था।
हालांकि, आज सुबह पुलिस लाइन के एमटीओ की ओर से गाड़ियों को वापस ले जाने के लिए कहा गया। इसके बाद ड्राइवर अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन देने पहुंचे।
ड्राइवर विक्रम कुमावत ने कहा कि उन्हें गाड़ियों का किराया और मेहनताना दिया जाना चाहिए। वहीं अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनिल महला ने ड्राइवरों से आवेदन देने को कहा और बताया कि उसे निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा। इसके बाद ड्राइवर वहां से रवाना हो गए।
BJP ने 41 कार्यकर्ताओं को 6 साल के लिए किया निष्कासित:
उधर, निकाय चुनाव में पार्टी अनुशासन को लेकर भी भाजपा (BJP) ने सख्त कार्रवाई की है। पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने और निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करने वाले 41 कार्यकर्ताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है।
निष्कासित नेताओं में अजमेर (Ajmer) के पूर्व मेयर धर्मेंद्र गहलोत सहित पूर्व पार्षद, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हैं।
निर्दलीय प्रत्याशी का अनोखा प्रचार, सिर पर रखीं चप्पलें:
भरतपुर (Bharatpur) की बयाना (Bayana) नगरपालिका (Nagar Palika) में वार्ड नंबर 15 से निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप कुमार शर्मा ने अनोखे अंदाज में प्रचार किया। उन्होंने फूलों से सजी थाली में चप्पलें रखीं और उन्हें सिर पर रखकर वार्ड की गलियों में घूमे।
वहीं जयपुर (Jaipur) के वार्ड नंबर 27 से भाजपा प्रत्याशी शंकर यादव भी अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने एक दुकान पर खुद जूस निकाला और लोगों को पिलाकर जनसंपर्क किया।
162 नगरीय निकायों में पहले चरण का मतदान:
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में 162 निकायों में मतदान होना है। इनमें अलवर (Alwar), भरतपुर (Bharatpur), बीकानेर (Bikaner) और भीलवाड़ा (Bhilwara) नगर निगम (Nagar Nigam) सहित नगर परिषद (Nagar Parishad) और नगर पालिकाएं (Nagar Palika) शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा।
इस चुनाव में अलग-अलग शहरों में प्रत्याशी और राजनीतिक दल पूरी ताकत के साथ प्रचार में जुटे हैं। ऐसे में सीकर का मतदान बहिष्कार, भाजपा की कार्रवाई, बॉलीवुड चेहरे की एंट्री और प्रत्याशियों के अनोखे प्रचार ने निकाय चुनाव को और ज्यादा दिलचस्प बना दिया है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया