नई दिल्ली: भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने बुधवार को कहा कि भारतीय वायुसेना ने हर मुकाम पर सामर्थ्य और वीरता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए तिरंगे की आन और शान की हिफाजत की है। भारतीय वायु सेना दिवस के मौके पर उन्होंने कहा कि 1947 में कश्मीर की रक्षा, 1965 में आकाश से प्रहार, 1971 में एक नए राष्ट्र की रचना, 1999 में कारगिल में अदम्य साहस, 2019 में बालाकोट में आतं*कियों का नाश और इस साल ऑपरेशन सिंदूर में मात्र चार दिनों में शत्रु पर विजय, हमारे वायुवीरों ने हर युग में इतिहास रचा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वायु सेना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया है, जिसमें लिखा है कि भारतीय वायु सेना वीरता, अनुशासन और सटीकता की प्रतीक है। उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी हमारे आकाश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी उनकी भूमिका बेहद सराहनीय रही है। पीएम ने लिखा कि भारत की वायु सेना पर हर भारतीय को गर्व है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
