बीकानेर: कांग्रेस के वरिष्ठ और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी का शुक्रवार देर रात तकरीबन एक बजे निधन हो गया। वह अगस्त 2023 में ब्रेन हैमरेज होने के बाद से कोमा में चल रहे थे। उन्हें पहले जयपुर ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था। कुछ दिन पहले ही डूडी को दिल्ली से बीकानेर लाया गया था। तब से उनकी हालत स्थिर थी।
62 वर्ष की उम्र में रामेश्वर डूडी ने शुक्रवार देर रात घर पर ही अंतिम सांस ली। रामेश्वर डूडी मूलत: नोखा के रायसर गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में उनकी पत्नी सुशीला डूडी नोखा से विधायक हैं। पश्चिमी राजस्थान के किसानों की बुलंद आवाज रहे डूडी राजनीतिक जीवन में पंचायत समिति प्रधान, जिला प्रमुख, विधायक और सांसद के साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे।
भतीजे अतुल डूडी ने बताया कि अंत्येष्टि बीकानेर में शनिवार दोपहर बाद एक बजे जाट बगीची में होगी। रामेश्वर डूडी के निधन की परिजनों ने पुष्टि की है। डूडी का इतनी कम उम्र में चले जाना राजस्थान की राजनीति के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। बीकानेर सहित प्रदेश भर में उनके समर्थक और राजनीतिक साथी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त कर रहे हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
