मुंबई: हिंदी और मराठी फिल्मों के जाने-माने चरित्र अभिनेता रहे अच्युत पोतदार का सोमवार की रात मुंबई से सटे ठाणे जिले के जुपिटर अस्पताल में निधन हो गया है। अस्पताल के एक सूत्र ने अच्युत पोतदार के निधन की पुष्टि की है और बताया है कि उन्हें गंभीर हालत में सोमवार को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। तमाम नाटकों से लेकर हिंदी-मराठी टीवी धारावाहिकों और फिल्मों में अभिनय करने वाले अच्युत पोतदार 91 साल के थे। उनका अंतिम संस्कार आज ठाणे में किया जाएगा।
80 के दशक में अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाले अच्युत पोतदार ने आक्रोश, अर्धसत्य, ते*जाब, परिंदा, रंगीला, लगे रहो मुन्नाभाई और 3 इडियट्स जैसी कई बड़ी हिंदी फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा उन्होंने 90 से अधिक टीवी सीरियलों और 25 से ज्यादा नाटकों में भी अभिनय किया था। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जन्मे अच्युत पोतदार अपने करियर के शुरुआती दिनों में रीवा में टीचर थे। फिर 1962 में वे ‘इमरजेंसी कमिशन’ के तहत सेना में भर्ती हुए।
.
इसके बाद उन्होंने एक सरकारी तेल कंपनी में नौकरी की और फिर रंगकर्मी सत्यदेव दुबे के साथ रंगमंच पर अभिनय की शुरुआत की। साल 1967 में सेना के कैप्टन पद से सेवानिवृत्त होने के बाद अच्युत पोतदार ने रिटायर होने तक इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन में वरिष्ठ पद पर नौकरी की। इसी दौरान उन्होंने अभिनय में भी रुचि लेनी शुरू की और फिर जल्द ही हिंदी-मराठी फिल्मों व टीवी शोज में अभिनय करना शुरू किया और इस क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान कायम की।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
