नई दिल्ली: संयुक्त राष्ट्र ने बताया है कि 11 सप्ताह की नाकेबंदी के बाद गाजा में सहायता सामग्री पहुंच तो गई है, लेकिन अभी तक इसका वितरण नहीं हो पाया है। इसराइली अधिकारियों ने बताया है कि सुरक्षा जांच के बाद मंगलवार को 93 सहायता ट्रक गाजा पट्टी में प्रवेश कर गए। वहीं संयुक्त राष्ट्र के मानवीय सहायता कार्यालय का कहना है कि सहायता सामग्री को केवल फलस्तीनी सीमा तक ही पहुंचाया गया है।
संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि गाजा में उसकी टीम ने मंगलवार को क्रॉसिंग तक पहुंचने और सहायता सामग्री प्राप्त करने के लिए घंटों इंतजार किया, लेकिन इसराइली सेना ने अभी तक इसकी अनुमति नहीं दी है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब गाजा में भुखमरी की चेतावनी के बीच नागरिकों तक सहायता पहुंचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ रहा है। इसराइली सेना का कहना है कि इस सहायता में बेकरी के लिए आटा, शिशु आहार, चिकित्सा उपकरण और दवाएं शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा गया है कि आईडीएफ गाजा पट्टी में मानवीय सहायता उपलब्ध कराना जारी रखेगा और यह सुनिश्चित करने का हरसंभव प्रयास करेगा कि यह सहायता आतं*कवादी संगठन हमास के हाथों में न पहुंचे। सोशल मीडिया पर गाजा के लोगों को संबोधित एक अन्य संदेश में इसराइली सेना के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने कहा कि हम वे नहीं हैं जिन्होंने आपको भोजन, घर और धन से वंचित किया है। युद्ध शुरू करने के लिए हमास जिम्मेदार है। नागरिकों की इस दशा के लिए भी वह जिम्मेंदार है, उसने विनाश लाया है और वह निर्माण करने वाला नहीं है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
