नई दिल्ली: अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि वह इंटरनेशनल स्टूडेंट वीजा के लिए अपॉइंटमेंट शेड्यूल करना फिर से शुरू करेगा। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि वीजा अप्लाई करने वाले स्टूडेंट्स के सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी जांच की जाएगी। इसके लिए सभी आवेदकों को अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल की प्राइवेसी सेटिंग “पब्लिक” रखने का निर्देश दिया जाएगा।
अमेरिकी विदेश विभाग की प्रेस रिलीज में कहा गया है कि हम अपनी वीजा स्क्रीनिंग में सभी उपलब्ध जानकारियों का इस्तेमाल करते हैं, ताकि ऐसे आवेदकों की पहचान की जा सके जिन्हें अमेरिका में प्रवेश की मंजूरी नहीं दी जा सकती, खासकर ऐसे लोग जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हो सकते हैं। विदेश विभाग ने कहा है कि नई गाइडलाइन के तहत आवेदकों की ऑनलाइन मौजूदगी सहित विस्तृत और सघन जांच की जाएगी।
अमेरिका के विदेश विभाग के अनुसार विदेशों में स्थित अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावास जल्द ही इन वीजा आवेदनों की शेड्यूलिंग फिर से शुरू करेंगे। इससे पहले, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया भर में अपने दूतावासों को स्टूडेंट वीजा के लिए अपॉइंटमेंट बंद करने का आदेश दिया था। ट्रंप सरकार ने कहा था कि वह आवेदकों के सोशल मीडिया अकाउंट की गहन जांच के लिए एक योजना पर काम कर रही है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
