नई दिल्ली: भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने कहा है कि वह बिहार विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। पवन सिंह ने यह भी कहा कि चुनाव लड़ने के लिए वह बीजेपी में शामिल नहीं हुए हैं। पवन सिंह ने एक्स पर लिखा है कि मैं पवन सिंह अपने भोजपुरिया समाज से बताना चाहता हूं कि मैंने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं की थी और ना ही मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है। उन्होंने कहा मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा।
बीते महीने पवन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की थी। उनकी मुलाकात पर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा था कि पवन सिंह के बीजेपी में आने से एनडीए को फायदा होगा। वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा था कि पवन सिंह बिहार विधानसभा चुनाव में एक बीजेपी कार्यकर्ता के रूप में सक्रियता से एनडीए की जीत के लिए काम करेंगे।
बीजेपी ने साल 2024 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल के आसनसोल सीट से पवन सिंह को टिकट दिया था, लेकिन उन्होंने यहां की उम्मीदवारी छोड़कर बिहार की काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया था। बिहार में एनडीए के दलों के बीच सीटों की साझेदारी में काराकाट लोकसभा सीट राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा के हिस्से में आई थी।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
