बिहार: बिहार सरकार में नीतीश सरकार ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है। इस विस्तार में सात नए मंत्री बनाए गए हैं। ये सातों मंत्री बीजेपी के कोटे से हैं। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने जिन विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई है उनमें दरभंगा के विधायक संजय सरावगी, बिहार शरीफ के विधायक डॉक्टर सुनील कुमार, दरभंगा जिले के जाले से विधायक जीबेश मिश्रा, सीतामढ़ी के रीगा से विधायक मोतीलाल प्रसाद, अररिया के सिकटी से विधायक विजय कुमार मंडल, छपरा के अमनौर से विधायक कृष्ण कुमार मंटू शामिल हैं।
इसके अलावा मुज़फ़्फ़रपुर के साहेबगंज से विधायक राजू कुमार सिंह को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। राजू कुमार सिंह साल 2020 के विधानसभा चुनाव में वीआई के टिकट पर जीते थे, लेकिन बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे। बिहार में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। बिहार के राजनीतिक गलियारों में चुनावों के ठीक पहले मंत्रिमंडल का यह विस्तार और इसमें बीजेपी को मिले खास महत्व की चर्चा जोरों पर है।