नेपाल: नेपाल ने गुरुवार को बिना रजिस्ट्रेशन वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को बंद करने वाला फैसला लागू कर दिया है। बीबीसी नेपाली के अनुसार कुछ यूजर्स ने बताया कि फेसबुक, मैसेंजर, व्हाट्सऐप और यूट्यूब सहित कई ऐप्स रात से नहीं चल रहे, जबकि कुछ यूजर्स ने कहा कि शुक्रवार सुबह तक उन्हें कोई समस्या नहीं हुई। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ इसके पीछे वजह यह बताई गई कि इन कंपनियों ने संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में तय समय-सीमा के भीतर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है।
हालांकि, नेपाल सरकार का यह फैसला लागू होने के बाद सोशल मीडिया कंपनियों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। मंत्रालय की ओर से जारी नोटिस के अनुसार सोशल मीडिया कंपनियों को 28 अगस्त से सात दिनों यानी बुधवार तक का समय दिया गया था। लेकिन बुधवार रात तक समय-सीमा खत्म हो जाने के बावजूद बड़ी सोशल मीडिया कंपनियों, जैसे मेटा (फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप), यूट्यूब, एक्स, रेडिट और लिंक्डइन ने आवेदन जमा नहीं किया।
बीबीसी नेपाली के अनुसार कुछ लोगों ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दमन किया गया है। जबकि कुछ लोगों ने सरकार के फैसले का बचाव करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया संचालित करने वाली कंपनियों को भी नेपाल के कानूनों का पालन करना चाहिए।
(सोर्स : बीबीसी न्यूज हिन्दी)
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
