नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली रविवार की सुबह एक घने धुंध की चादर में लिपटी नजर आई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार कई जगहों पर हवा की गुणवत्ता का स्तर यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) करीब 500 दर्ज किया गया। 401 से 500 के बीच के एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। अगर आनंद विहार की बात करें तो वहां का एक्यूआई 491 दर्ज किया गया है। वहीं शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी सिवियर (गंभीर) होने के बाद यहाँ ग्रैप-4 (ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान) लागू कर दिया गया है।
ग्रैप का स्टेज-4 क्या होता है:
- दिल्ली में सभी ट्रकों की एंट्री पर पाबंदी (जरूरी सामान लाने वाले ट्रकों को छोड़कर), लेकिन एलएनजी, सीएनजी, इलेक्ट्रिक और बीएस-6 डीजल गाड़ियों के दिल्ली में प्रवेश की अनुमति होती है।
- जरूरी सामान लाने वाली गाड़ियों को छोड़कर डीजल पर चलने वाली बीएस-4 मीडियम गुड्स व्हीकल और हैवी गुड्स व्हीकल को निश्चित समय के लिए दिल्ली में प्रवेश की अनुमति।
- बीएस-3 और इससे नीचे के स्टैंडर्ड की दिल्ली से बाहर की गाड़ियों के लिए दिल्ली में प्रवेश पर पाबंदी।
- ग्रैप स्टेज-3 में बताए गए सभी तरह के निर्माण कार्यों, मरम्मत कार्यों पर रोक।
- राज्य सरकार कक्षा छह से 9 और कक्षा 11 के छात्रों के लिए स्कूल बंद करने और ऑनलाइन क्लासेस कराने को लेकर फैसला ले सकती है।
- इसके साथ ही ग्रैप-3 में बताए गए प्रावधान के अनुसार राज्य सरकार कक्षा पांच तक के छात्रों के लिए स्कूल बंद करने और ऑनलाइन क्लासेस कराने को लेकर फैसला ले सकती है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
