नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में आज गुरुवार सुबह 9 बजकर 04 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 बताई है। दिल्ली-एनसीआर में करीब 4 से 5 सेकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए है। एनसीएस के अनुसार भूकंप का केंद्र हरियाणा के झज्जर में था। इसकी गहराई जमीन में लगभग दस किलोमीटर नीचे थी।
मेट्रो यात्री अरशद ने एएनआई से बातचीत करते हुए बताया कि भूकंप के कारण दिल्ली मेट्रो की सेवाएं रोक दी गई थी लेकिन हमें भूकंप महसूस नहीं हुआ। दिल्ली-एनसीआर भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है और यह सिस्मिक जोन 4 में आता है। यह जोन उच्च भूकंपीय गतिविधि वाले क्षेत्रों में गिना जाता है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आज सुबह दिल्ली-एनसीआर में आए भूकंप में अभी तक किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। हम सभी दिल्लीवासियों की कुशलता की कामना करते हैं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पोस्ट में कहा कि उम्मीद है कि भूकंप के बाद सभी सुरक्षित होंगे। सभी के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
