नई दिली: एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग बिहार में गुप्त तरीके से एनआरसी लागू कर रहा है। ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि निर्वाचन आयोग बिहार में गुप्त तरीके से एनआरसी लागू कर रहा है। वोटर लिस्ट में नाम दर्ज करवाने के लिए अब हर नागरिक को दस्तावेजों के जरिए साबित करना होगा कि वह कब और कहाँ पैदा हुए थे। साथ ही यह भी कि उनके माता-पिता कब और कहाँ पैदा हुए थे।
विश्वसनीय अनुमानों के अनुसार भी केवल तीन-चौथाई जन्म ही पंजीकृत होते हैं। ज्यादातर सरकारी कागजों में भारी गलतियाँ होती हैं। इस प्रक्रिया का परिणाम यह होगा कि बिहार के गरीबों की बड़ी संख्या को वोटर लिस्ट से बाहर कर दिया जाएगा। वोटर लिस्ट में अपना नाम शामिल करना हर भारतीय का संवैधानिक अधिकार है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के इतने करीब इस तरह की कार्रवाई शुरू करने से लोगों का निर्वाचन आयोग पर भरोसा कमजोर हो जाएगा। ओवैसी ने एक और पोस्ट में लिखा है कि चुनाव आयोग हर वोटर की जानकारी एक महीने में घर-घर जाकर इकट्ठा करना चाहता है। बिहार जैसा राज्य, जो बहुत बड़ी आबादी और कम कनेक्टिविटी वाला है। वहां इस तरह की प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से करना लगभग असंभव है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
