उत्तराखंड: उत्तराखंड में चमोली जिले के गोविंदघाट रेंज में लक्ष्मण गंगा और अलकनंदा नदियों के बीच स्थित नंदा देवी बायोस्फ़ियर क्षेत्र में लगी आग छठे दिन भी काबू में नहीं आ सकी है। यह इलाका यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल नंदा देवी बायोस्फ़ियर रिजर्व का हिस्सा है। इस इलाके में खड़ी ढलाने हैं जिनके कारण आग बुझाने मुश्किल हो रही है।
जिला प्रशासन के अनुसार, 9 जनवरी को आग की जानकारी मिलने के बाद से वन विभाग, आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें मौके तक पहुँचने का प्रयास कर रही हैं। डीएफओ सर्वेश दुबे ने बताया कि पार्क प्रशासन की ओर से दो टीमें गठित की गई थीं, लेकिन खड़ी ढलान, ऊपर से पत्थर गिरने का खतरा और अत्यधिक जोखिम को देखते हुए टीमों को वापस लौटना पड़ा।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बीबीसी हिंदी को बताया कि आग की गंभीरता को देखते हुए शासन स्तर पर हवाई सर्वे और हवाई सहायता की योजना बनाई गई थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान और हेमकुंड साहिब पूरी तरह सुरक्षित हैं। डीएफओ के अनुसार आग की जगह और इन क्षेत्रों के बीच लक्ष्मण गंगा और पुष्पावती जैसी चौड़ी नदियाँ प्राकृतिक बाधा हैं, जिससे आग के वहाँ तक पहुँचने की संभावना शून्य है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
