उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर में जंगल में लगी आग के बीच फंसे एक पर्यटक की मौ*त हो गई। सोमवार रात लगी आग में बाहुबली हिल्स क्षेत्र का करीब 3 हेक्टेयर हिस्सा जलकर खाक हो गया। दमकल विभाग ने देर रात तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जबकि रातभर टीमें मौके पर तैनात रहीं।
रेस्क्यू के लिए किया कॉल:
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के रतलाम जिले का रहने वाला 33 वर्षीय माखन सिंह अकेले ही पहाड़ी पर घूमने गया था। इसी दौरान जंगल में आग लगने से वह उसमें फंस गया। उसने आपातकालीन नंबर पर कॉल कर मदद मांगी, लेकिन जब तक बचाव दल मौके पर पहुंचा, वह बेहोश हो चुका था। उसे गंभीर हालत में महाराणा भूपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह उसकी मौ*त हो गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार दम घुटने की वजह से उसकी जान गई, हालांकि अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि पूरी पहाड़ी काले धुएं से घिर गई थी और करीब आधा किलोमीटर जंगल का हिस्सा जल गया। बताया जा रहा है कि माखन सिंह एक निजी कंपनी में काम करता था और घूमने के लिए घर से निकला था। उसके तीन बच्चे हैं।
बाहुबली हिल्स शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर बड़ी झील के पास स्थित जंगल क्षेत्र है, जहां ट्रैकिंग और फोटो शूट के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इस सीजन में पहाड़ियों पर अब तक पांच जगह आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
