जयपुर: कांग्रेस के वरिष्ठ और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी का शुक्रवार देर रात तकरीबन एक बजे निधन हो गया। वह अगस्त 2023 में ब्रेन हैमरेज होने के बाद से कोमा में चल रहे थे। उन्हें पहले जयपुर ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था। कुछ दिन पहले ही डूडी को दिल्ली से बीकानेर लाया गया था। तब से उनकी हालत स्थिर थी। 62 वर्ष की उम्र में रामेश्वर डूडी ने शुक्रवार देर रात घर पर ही अंतिम सांस ली। रामेश्वर डूडी के निधन पर कै नेताओं ने शोक जताया है।
वहीं राजस्थान के पूर्व मुख्य मंत्री अशोक गहलोत ने भी सोशल मीडिया एक्स पर भावुक पोस्ट लिखी है। जिसमें लिखा है कि, “पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं बीकानेर से सांसद रहे रामेश्वर डूडी का निधन बेहद दुखद है। करीब 2 साल तक बीमार रहने के बाद इतनी अल्पायु में उनका जाना हमेशा खलता रहेगा। यह मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर एक आघात है।” उन्होंने लिखा है कि, “रामेश्वर डूडी ने अपनी हर भूमिका का निर्वहन अच्छे से किया। वो मेरे साथ सांसद, विधायक और हमारे नेता प्रतिपक्ष रहे। किसान वर्ग के लिए वो हमेशा काम करते रहे।
मुझे याद है कि दौ*रा पड़ने से कुछ दिन पूर्व ही वो मेरे से मिलने आए थे और हमारे बीच लम्बी बातचीत हुई थी। हमने उनके इलाज के लिए बेहतर से बेहतर प्रबंध किए। एक सक्रिय जीवन जीने वाले डूडी जी का ऐसे बीमार होना हम सबके मन को कचोटता था। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को हिम्मत देने की प्रार्थना करता हूं।”
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
