सवाई माधोपुर: जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले में संचालित अभिनव पहल ‘भविष्य की उड़ान’ से प्रेरित होकर मलारना चौड़ ग्राम की सिद्धि विनायक रणत भंवर सेवा समिति ने सरकारी विद्यालय के भौतिक विकास हेतु एक सराहनीय कदम उठाया है। समिति द्वारा विद्यालय विकास के लिए 24 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जो ग्रामीण सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उक्त सहयोग राशि का चैक विद्यालय के प्रधानाचार्य इंसाफ अली द्वारा एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता को मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने हेतु सुपुर्द किया गया। उल्लेखनीय है कि इस योजना के अंतर्गत जनसहयोग से प्राप्त राशि के अनुपात में राज्य सरकार द्वारा 60 प्रतिशत अतिरिक्त अनुदान प्रदान किया जाता है। ‘भविष्य की उड़ान’ नवाचार के प्रभारी हेमराज मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामवासियों के 24 हजार रुपये के सहयोग से विद्यालय को राज्य सरकार से 36 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि प्राप्त होगी।
इस प्रकार विद्यालय विकास के लिए कुल 60 हजार रुपये की राशि प्राप्त हो सकेगी। प्राप्त राशि का उपयोग विद्यालय में कंप्यूटर, प्रिंटर क्रय सहित अन्य आवश्यक भौतिक विकास कार्यों में किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर कालूराम बैरवा, एडी समसा, विद्यालय स्टाफ से चेतराम मीणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
