उत्तराखंड: उत्तराखंड के चमोली जिले की नंदानगर तहसील में देर रात हुई भारी बारिश ने तबाही मचाई है। ग्राम कुन्तरी लगाफाली, कुन्तरी लगा सरपाणी और धूर्मा गांव में भारी मलबा आने से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। प्रशासन के अनुसार इन गांवों में कई लोग लापता बताए जा रहे हैं और अब तक 15 से 20 मकानों और कई गोशालाओं के क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि हुई है। भारी बारिश और जगह-जगह भूस्खलन के कारण राहत और बचाव टीमों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है।
चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि बीती रात नंदानगर क्षेत्र में हुई बारिश से पांच अलग-अलग जगहों में नुकसान हुआ है। अभी हमारे पास दस लोगों के लापता होने की सूचना है और कई लोग घायल भी हुए हैं। डीएम ने कहा कि कई जगह सड़कें ध्वस्त हो गई हैं, जिससे राहत टीमों को पहुंचने में समय लग रहा है। उनके अनुसार एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, जल संस्थान और लोक निर्माण विभाग की टीमें भी सक्रिय कर दी गई हैं और उम्मीद है कि जल्द ही मार्ग खोल दिए जाएंगे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
