नई दिल्ली: भारत ने मालदीव को 50 मिलियन अमेरिकी डॉलर के कर्ज की समयसीमा बढ़ाकर आर्थिक मदद दी है। इसकी जानकारी एक प्रेस रिलीज के जरिए दी गई है। प्रेस रिलीज में लिखा गया है कि मालदीव सरकार के अनुरोध पर, भारतीय स्टेट बैंक ने मालदीव के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी 50 मिलियन डॉलर के ट्रेजरी बिल को एक और साल के लिए रोलओवर किया है। प्रेस रिलीज के अनुसार साल 2019 से भारत सरकार भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के जरिए मालदीव को इस तरह की मदद देती आ रही है।
भारत की ओर से मालदीव को दी जाने वाली ये मदद दोनों देशों की सरकारों के बीच एक खास समझौते के तहत दी जाती है। मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला खलील ने अपने एक्स अकाउंट में पोस्ट करके भारत की ओर से मिली आर्थिक मदद के लिए धन्यवाद दिया है।
उन्होंने लिखा है कि मैं विदेश मंत्री एस जयशंकर और भारत सरकार का दिल से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने 50 मिलियन अमेरिकी डॉलर के ट्रेजरी बिल को आगे बढ़ाकर मालदीव को अहम आर्थिक मदद दी है। मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला खलील ने भारत की ओर से दी गई इस आर्थिक मदद को दोनों देशों के बीच की गहरी दोस्ती का सबूत बताया है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
