नई दिल्ली: भारत सरकार ने अ*श्लील और आपत्तिजनक कंटेंट बनाने और छापने को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स को नोटिस जारी किया है। आईटी मंत्रालय की ओर से जारी लेटर में कहा गया है कि समय-समय पर यह रिपोर्ट किया गया है कि आपके प्लेटफॉर्म
पर सर्कुलेट हो रहे कुछ खास तरह के कंटेंट शालीनता और अ*श्लीलता से जुड़े नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। पत्र में कहा गया है कि खास तौर पर देखा गया है कि एक्स प्लेटफॉर्म पर इंटीग्रेट करके उपलब्ध कराई गई ग्रोक एआई नाम की सर्विस का यूजर गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।
यूजर महिलाओं की अ*श्लील तस्वीरें या वीडियो को बनाने, पब्लिश करने और शेयर करने के लिए फे*क अकाउंट बना रहे हैं, जिससे वे उन्हें बदनाम कर सकें। ये चीजें दिखाती हैं कि प्लेटफॉर्म स्तरीय सुरक्षा के उपायों और उसे लागू करने के तरीकों में गंभीर विफलता हो रही है और यह कानूनों का उल्लंघन करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दुरुपयोग है। मंत्रालय ने एक्स इंडिया से इस संबंध में तत्काल एक्शन लेने और उसकी रिपोर्ट सरकार को देने के निर्देश दिए हैं।
इससे पहले शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर इस संबंध में कार्रवाई करने की मांग की थी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि सोशल मीडिया पर महिलाओं की तस्वीरों का बिना उनकी अनुमति के इस्तेमाल कर एआई ऐप्स से उनके आपत्तिजनक और अ*श्लील फोटो बनाए जा रहे हैं। मैंने ऐसी बढ़ती घटनाओं पर आईटी मंत्री से तुरंत ध्यान देने और हस्तक्षेप करने की मांग की है।
उन्होंने लिखा कि ग्रोक जैसी सुविधाओं में ऐसे सुरक्षा उपाय होने चाहिए, जो महिलाओं की गरिमा का उल्लंघन न करें। बड़ी टेक कंपनियों को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी, और मेरी इच्छा है कि इस तरह की गतिविधियां कर रहे पुरुषों को उनके घरों और स्कूलों में बेहतर शिक्षा और संस्कार दिए जाएं, ताकि वे वयस्क होने पर इस तरह के बीमार और विकृत आचरण में शामिल न हों।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया