जोधपुर: लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी देश भर के पत्रकारों के हितों के लिए वर्ष 1950 से समर्पित राष्ट्रीय संगठन इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स का राष्ट्रीय अधिवेशन 11 और 12 सितंबर को राजस्थान के जोधपुर जिले में आयोजित होने जा रहा है। विभिन्न राज्यों से पत्रकारों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। इस आयोजन में देश भर के 500 से अधिक पत्रकार शामिल होंगे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए इंडियन फेडरेशन वर्किंग जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव गौड़, प्रदेश महासचिव मनवीर सिंह,जोधपुर के संभागीय अध्यक्ष विक्रम सिंह करनौत,जोधपुर जिलाध्यक्ष प्रदीप जोशी,जिला महासचिव अश्विनी व्यास और कार्यक्रम के मुख्य संयोजक नंदकिशोर शाह ने बताया कि इस दो दिवसीय अधिवेशन में देशभर से पत्रकार प्रतिनिधि और फेडरेशन के विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी भाग लेंगे। अधिवेशन के दौरान पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं, उनके अधिकारों, और सुरक्षा संबंधी कानून को राष्ट्रीय स्तर पर लागू करवाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके साथ ही पत्रकारों के मान-सम्मान और गरिमा को बनाए रखने हेतु संगठनात्मक स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों पर भी चर्चा होगी। फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि, इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स की स्थापना 28 अक्टूबर 1950 को पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा और प्रेस की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई थी। देशभर के श्रमिक पत्रकारों को एक साझा मंच पर लाकर उनकी समस्याओं को संगठित रूप से उठाने वाले इस संगठन ने भारतीय पत्रकारिता के इतिहास में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ दर्ज की हैं।
राजस्थानी साफे से होगा पत्रकारों का भव्य स्वागत:
इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट (IFWJ) द्वारा दिनांक 11 एवं 12 सितंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में बिना रजिस्ट्रेशन किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह पहला अवसर होगा जब अधिवेशन में कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा, लेकिन इस नि:शुल्क अधिवेशन में रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा। हर राज्य से आने वाले पत्रकार साथियों का राजस्थानी परंपरा अनुसार ‘साफा’ पहनाकर आयोजन स्थल माहेश्वरी भवन के प्रवेश द्वार पर स्वागत व अभिनंदन किया जाएगा। पंजीकरण की विधिवत व्यवस्था वहीं प्रवेश द्वार पर की गई है। राजस्थान की परंपरा के अनुसार अतिथि देवो भव की तर्ज पर मान मनुहार के लिए प्रसिद्ध राजस्थान की सांस्कृतिक राजधानी जोधपुर में आने वाली पत्रकारों को राजस्थानी साफे से अभिनंदन करने के अलावा माथे पर तिलक लगाकर अभिनंदन भी किया जाएगा।
अधिवेशन में सहयोग करने वालों का होगा सम्मान:
इंडियन फेडरेशन का वर्किंग जर्नलिस्ट के जिला अध्यक्ष प्रदीप जोशी ने बताया कि जोधपुर के इतिहास में पहली बार किसी पत्रकार संगठन के द्वारा इस स्तर पर राष्ट्रीय अधिवेशन हो रहा है, जिसमें प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से वरिष्ठ पत्रकारों और समाजसेवियों का सहयोग मिला है,उन सभी को इस अधिवेशन में सम्मानित किया जाएगा
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
