उत्तराखंड: उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य यु*द्धस्तर पर चलाया जा रहा है। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन के अनुसार रात में हुई भारी बारिश की वजह से जिले के बसुकेदार क्षेत्र में कई स्थान प्रभावित हुए हैं। तालजामण क्षेत्र में 4 से 5 मकानों के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि हुई है। प्रभावित परिवारों को नजदीकी प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट किया गया है।
वहीं छेनागाढ़ क्षेत्र में आठ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। जखोली क्षेत्र में एक महिला की मौ*त की भी सूचना है।चमोली जिले के देवाल विकासखंड में गुरुवार रात भूस्खलन से एक आवासीय भवन मलबे की चपेट में आ गया। उप जिलाधिकारी पंकज कुमार भट्ट ने बताया कि यहां दो लोग लापता हैं, दो घायल हैं और 15 से 20 मवेशियों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा कि उन्होंने आपदा प्रबंधन को लेकर एक आपात बैठक की है जिसमें रुद्रप्रयाग के तहसील बसुकेदार क्षेत्र के बड़ेथ डुंगर तोक, जनपद चमोली के देवाल क्षेत्र एवं नैनीताल, बागेश्वर, टिहरी में अतिवृष्टि से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने लिखा कि अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
