उत्तराखंड: उत्तराखंड में बीती रात भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं। राजधानी देहरादून समेत कई जगहों पर हालात खराब हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बारिश प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर रहे हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने राज्य में हुए नुकसान की जानकारी दी है। सीएम धामी ने बताया कि कल रात हुई तेज बारिश से हमारे यहां की सभी नदियां उफान पर हैं और कई जगहों पर बादल फटा है। उन्होंने बताया कि करीब 25-30 स्थानों पर सड़कें पूरी तरह से बह गई हैं। घरों और सरकारी संपत्तियों को बहुत नुकसान हुआ है। पूरा जन-जीवन अस्त-व्यस्त है, उसको सामान्य करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत सारे संपर्क मार्ग कट गए हैं। नदियों का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। पुल भी खतरे की जद में हैं। हमारे सभी विभाग यु*द्धस्तर पर काम कर रहे हैं। सीएम धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हालात का जायजा लेने के लिए मंगलवार सुबह उनसे बात की और उन्होंने हर तरह की मदद का आश्वासन दिया है। मंगलवार को आई तस्वीरों में ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी और उत्तरकाशी में तमसा नदी उफान पर दिख रही हैं। ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी का पानी हाईवे तक आ गया है। एसडीआरएफ की टीम ने पानी में फंसे तीन लोगों को रेस्क्यू किया है। राजधानी देहरादून के सहस्त्रधारा में भारी बारिश से कुछ दुकानों को नुकसान पहुंचा है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
