नई दिल्ली: भारत दौरे पर आए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने गुरुवार को मुंबई में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक की है। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी और पीएम स्टार्मर की ओर से संयुक्त बयान दिया गया। पीएम मोदी ने बताया कि इस साल जुलाई में उनके ब्रिटेन दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक और व्यापार समझौते हुए थे। उन्होंने कहा कि आर्थिक और व्यापार समझौते से दोनों देशों के बीच आयात लागत कम होगी, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, व्यापार बढ़ेगा और इससे हमारे उद्योगों और उपभोक्ताओं को लाभ होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि आर्थिक और व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने के कुछ ही महीनों के अंदर ब्रिटेन के पीएम स्टार्मर की भारत यात्रा, जिसमें उनके साथ अब तक का सबसे बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल आया है, भारत-ब्रिटेन साझेदारी में नए जोश का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक अस्थिरता के दौर में भारत और यूके के बीच ये बढ़ती हुई साझेदारी वैश्विक स्थिरता और आर्थिक प्रगति का एक महत्वपूर्ण आधार बनी रही है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने भी दोनों देशों के बीच जुलाई में हुए आर्थिक और व्यापार समझौते को अहम बताया है। उन्होंने ब्रिटेन में बॉलीवुड फ़िल्में बनाने के लिए एक समझौता होने की घोषणा की है। उन्होंने ये भी बताया कि ब्रिटिश यूनिवर्सिटीज़ भारत में अपने कैंपस स्थापित करेंगी, जिससे ब्रिटेन यहां उच्च शिक्षा का सबसे बड़ा इंटरनेशनल प्रोवाइडर बनेगा।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
