नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात साल बाद चीन पहुंचे हैं। चीन पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक एक्स पोस्ट में कहा कि वह तियानजिन पहुंच गए हैं और अब एससीओ समिट की बैठकों और अलग-अलग देशों के नेताओं से मुलाकात का इंतजार कर रहे हैं। पीएम मोदी चीन के तियानजिन में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक होने वाले शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार प्रधानमंत्री समिट के दौरान कई देशों के नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे।
भारत 2017 से शंघाई सहयोग संगठन का सदस्य है। प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की पिछली मुलाकात पिछले साल अक्तूबर में रूस में हुई थी। 2018 के बाद यह प्रधानमंत्री मोदी का पहला चीन दौरा है। यानी लगभग सात साल बाद मोदी चीन की यात्रा पर पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री मोदी का दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब लद्दाख में अप्रैल 2020 से पहले की यथास्थिति बहाल नहीं हो पाई है। हालांकि, चीन भारत का दूसरा सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर है। पिछले साल चीन के साथ भारत का द्विपक्षीय व्यापार करीब 127.7 अरब डॉलर था।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
