नई दिल्ली: दिल्ली के डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूरे होने के मौके पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष डाक टिकट और 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया है। समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि स्मृति डाक टिकट की अपनी महत्ता होती है। उन्होंने याद दिलाया कि 1963 में गणतंत्र दिवस परेड में आरएसएस स्वयंसेवक भी शामिल हुए थे और राष्ट्रभक्ति की धुन पर कदमताल किया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस टिकट में उसी ऐतिहासिक क्षण की स्मृति है। संघ के स्वयंसेवक अनवरत देश की सेवा में जुटे हैं और समाज को सशक्त कर रहे हैं, इसकी झलक भी डाक टिकट में है। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि यह स्वतंत्र भारत के इतिहास में शायद पहली बार है जब भारतीय मुद्रा पर भारत माता की तस्वीर उकेरी गई है। उन्होंने कहा कि जारी किए गए सिक्के पर संघ का बोध वाक्य “राष्ट्राय स्वाहा, इदं राष्ट्राय इदं न मम” भी अंकित है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
