नई दिल्ली: ईसाइयों के सबसे बड़े धर्मगुरु पोप फ्रांसिस के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शोक जताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि पोप फ्रांसिस के निधन से गहरा दु:ख हुआ है। इस शोक की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पूरे कैथोलिक समुदाय के साथ हैं। उन्होंने लिखा है कि पोप फ्रांसिस को दुनियाभर में लाखों लोग दया, विनम्रता और आध्यात्मिक साहस की मिसाल के रूप में हमेशा याद रखेंगे। भारत के लोगों के लिए उनका स्नेह हमेशा याद रखा जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी पोप फ्रांसिस के निधन पर दु:ख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि पोप फ्रांसिस के निधन से गहरा दु:ख हुआ है। वह करुणा, न्याय और शांति की एक वैश्विक आवाज थे। उन्होंने हमेशा गरीबों और हाशिए पर खड़े लोगों का साथ दिया। असमानता के खिलाफ निडरता से बोले और मानवता के अपने संदेश से विभिन्न धर्मों के लाखों लोगों को प्रेरित किया।
पोप फ्रांसिस का आज सोमवार सुबह निधन हो गया है। वो 88 साल के थे। पोप फ्रांसिस को कैथोलिक चर्चों में सुधार के लिए भी जाना जाता है। इसके बावजूद पोप परंपरावादियों के बीच भी लोकप्रिय थे। फ्रांसिस दक्षिण अमेरिका (अर्जेंटीना) से बनने वाले पहले पोप थे।