कोटा: पंजाब का प्रॉपर्टी डीलर पत्नी के साथ घूमने निकला था, और लालच में ऐसा फंसा कि वह सीधे थाने ही पहुंच गया। कोटा के स्वर्ण-रजत मार्केट में ज्वेलर्स की दुकान से मंगलसूत्र चोरी के मामले का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी दंपती को गिर*फ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने चुराया हुआ मंगलसूत्र भी बरामद किया है। कोतवाली थाना पुलिस अधिकारी महेंद्र मारू ने बताया कि आरोपी पति राजीव कुमार पंजाब में प्रॉपर्टी का काम करता है। वह अपनी पत्नी सानिया के साथ घूमने निकला था। गत 11 जनवरी को दोनों जयपुर पहुंचे और इसके बाद भोपाल जाने का प्लान था।
रास्ते में कोटा घूमने का मन हुआ तो दोनों यहीं रुक गए। इसी दौरान सानिया के कान की एक बाली टूट गई, जिसे ठीक कराने के लिए वे सर्राफा बाजार पहुंचे थे। पति-पत्नी 15 जनवरी को स्वर्ण-रजत मार्केट स्थित नेहा ज्वेलर्स पर ग्राहक बनकर पहुंचे। उन्होंने खुद को दुबई से शादी के लिए कोटा आया बताया और सोने के गहने देखने लगे। जब दुकानदार ने छोटा मंगलसूत्र दिखाने के लिए बॉक्स में चार पीस निकाले, तभी महिला ने मौका देखकर करीब 8 ग्राम वजनी मंगलसूत्र अपने पर्स में रख लिया। दोनों एटीएम से पैसे निकालने की बात कहकर दुकान से चले गए और वापस नहीं लौटे।
दुकानदार ने जब बॉक्स खोला तो उसमें से एक मंगलसूत्र गायब था। इसके बाद दुकानदार चंद्रशेखर सोनी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें महिला मंगलसूत्र पर्स में रखते हुए साफ नजर आ रही है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद आरोपी भीमगंजमंडी स्थित एक होटल में रुके थे, जहां उन्होंने अपनी आईडी दी थी।
इसी से पुलिस को अहम सुराग मिला। सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम के निर्देशन में कोतवाली एसएचओ महेंद्र मारू की टीम ने फोन ट्रेसिंग कर लोकेशन भिवाड़ी की ओर पाई। राजस्थान-हरियाणा सीमा पर नाकाबंदी कर दंपती को डिटेन किया गया। कोटा लाकर पूछताछ के बाद चोरी किया गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
