सवाई माधोपुर: राजस्थान बजट (Rajasthan Budget 2026) में सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। जिले में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ जल प्रबंधन, सड़क निर्माण और संस्थागत विकास पर विशेष जोर दिया गया है। 11 फरवरी बुधवार को वित्त मंत्री दिया कुमारी (Diya Kumari) ने बजट पढ़ा है। बजट में बेहतेड गांव के पास मोरेल नदी पर 20 करोड़ रुपये की लागत से एनीकट निर्माण की घोषणा की गई है।
साथ ही मोरेल बांध की मुख्य नहर प्रणाली की मरम्मत और नवीनीकरण के लिए भी 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जिले में 15 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा तथा खंडार क्षेत्र में ग्रामीण और संपर्क सड़कों पर नई पुलियाओं का निर्माण होगा। जिला मुख्यालय पर नई सब्जी मंडी बनाई जाएगी। मानसरोवर बांध के वेस्टवियर और डाउन स्ट्रीम प्रोटेक्शन की मरम्मत भी कराई जाएगी।
इसके अलावा सवाई माधोपुर में उड़ान प्रशिक्षण संगठन की स्थापना की घोषणा की गई है। वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जिले में विशिष्ट वन्यजीव उपचार केंद्र शुरू किया जाएगा, जिसे वन्यजीव संस्थान देहरादून और पशु चिकित्सा संस्थान बरेली जैसे राष्ट्रीय संस्थानों की सहायता से संचालित किया जाएगा। वहीं जिला कारागृह में आधुनिक मुलाकात कक्ष का निर्माण भी किया जाएगा।
बजट में जड़ावता गांव के लिए 75 करोड़ रुपये के विशेष राहत पैकेज की भी घोषणा की गई है। वर्ष 2025 में अतिवृष्टि से आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित गांव के पुनर्वास के लिए यह पैकेज दिया जाएगा। आपदा राहत एवं कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की पहल पर यह घोषणा की गई है। इससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता मिलेगी और भविष्य में गांव को जल आपदा से सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कार्य किए जाएंगे। इन घोषणाओं से सवाई माधोपुर जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
