जयपुर: जयपुर (Jaipur) में पहचान चोरी कर करोड़ों रुपयों की ठ*गी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। SMS अस्पताल में कार्यरत एक डॉक्टर के नाम और पैन कार्ड का इस्तेमाल कर 4.37 करोड़ रुपए के 36 लोन उठा लिए गए। मामले का खुलासा तब हुआ, जब उनकी CIBIL रिपोर्ट जनरेट की गई।
डॉक्टर ने बताया कि बजाज नगर स्थित इंडियन बैंक (Indian Bank) की ओर से उनके पैन नंबर पर CIBIL रिपोर्ट निकाली गई। रिपोर्ट देखते ही वे हैरान रह गए, क्योंकि उसमें दर्जनों लोन दिखाए गए थे, जबकि उन्होंने इनमें से कोई भी लोन नहीं लिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, किसी अज्ञात व्यक्ति ने डॉक्टर की पहचान का दुरुपयोग कर अलग-अलग बैंकों और फाइनेंस कंपनियों से 36 लोन लिए। इनमें पर्सनल, बिजनेस, हाउसिंग, क्रेडिट और गोल्ड लोन शामिल हैं।
कुल रकम 4 करोड़ 37 लाख 34 हजार रुपए बताई गई है। लोन देने वाली संस्थाओं में HDFC Bank, सिटी बैंक, केनरा बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, बजाज फाइनेंस जैसी संस्थाएं शामिल हैं। डॉक्टर का कहना है कि CIBIL रिपोर्ट में दर्ज कई व्यक्तिगत जानकारियां भी उनकी नहीं हैं। ऐसे में उन्हें शक है कि या तो रिपोर्ट में बड़ी गड़बड़ी हुई है या फिर किसी ने उनके PAN कार्ड का गलत इस्तेमाल कर यह फ*र्जीवाड़ा किया है। पीड़ित डॉक्टर ने अब गांधी नगर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करवाई है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
