अफगानिस्तान: अफगानिस्तान में तालिबान ने पूरे देश में टेलीकॉम सेवाएं बंद कर दी हैं। कुछ हफ्ते पहले उन्होंने ‘अनैतिकता रोकने’ के नाम पर फाइबर-ऑप्टिक इंटरनेट कनेक्शन काटना शुरू किया था। इंटरनेट को लेकर निगरानी करने वाली संस्था नेटब्लॉक्स की रिपोर्ट के अनुसार, देश में इस समय पूरी तरह से कनेक्टिविटी ब्लैकआउट की स्थिति है। समाचार एजेंसी एएफपी का कहना है कि उसने राजधानी काबुल स्थित अपने कार्यालय से संपर्क खो दिया है, जिसमें मोबाइल फोन सेवाएं भी शामिल हैं।
मोबाइल इंटरनेट और सैटेलाइट टीवी भी पूरे अफगानिस्तान में बुरी तरह प्रभावित हैं। 2021 में सत्ता पर कब्जा करने के बाद से तालिबान ने अपनी इस्लामी शरीयत कानून के अनुसार कई तरह की पाबंदियां लगाई हैं। फाइबर-ऑप्टिक केबल्स काफी तेजी से डेटा ट्रांसफ़र करती हैं और दुनिया के बड़े हिस्से का इंटरनेट इन्हीं पर आधारित है।
अफगान न्यूज चैनल 1टीवी के पूर्व संपादक-इन-चीफ हामिद हैदरी ने शटडाउन के बाद कहा कि पूरा देश अकेलेपन में घिर गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि अफगानिस्तान अब आधिकारिक तौर पर (इंटरनेट) कटऑफ में उत्तर कोरिया से आगे निकल गया है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
