सवाई माधोपुर: आर्मी डे परेड 2026 के अवसर पर जयपुर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में सवाई माधोपुर जिले की प्रत्येक तहसील एवं गांव से हजारों प्रतिभागी भाग लेंगे। आर्मी डे परेड 2026 के अंतर्गत 1 जनवरी से 15 जनवरी 2026 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें 9, 11 एवं 13 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल परेड तथा 15 जनवरी को मुख्य आर्मी डे परेड शामिल है, जिसमें राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में जिला कलक्टर काना राम ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में काना राम ने कहा कि पहली बार सैन्य छावनी की सीमाओं से बाहर आर्मी डे परेड का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन जयपुर के जगतपुरा महल रोड पर 15 जनवरी को किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 9, 11, 13 एवं 15 जनवरी, 2026 को जयपुर में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में सवाई माधोपुर जिले से हजारों प्रतिभागियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
इसके लिए विद्यालय एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, राजीविका की महिलाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्काउट एवं एनसीसी कैडेट्स, खिलाड़ी, पूर्व सैनिक तथा आमजन को अधिक से अधिक संख्या में शामिल करने के निर्देश विभिन्न विभागीय अधिकारियों को दिए गए। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, एडीएम संजय शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद शैलेंद्र सिंह, सीएमएचओ डॉ. अनिल जैमिनी, जिला शिक्षा अधिकारी, सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
