नई दिल्ली: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा है कि यूके अपने वीजा नियमों में कोई ढील नहीं देने जा रहा है। यह बातें उन्होंने अपने भारत दौरे से पहले कही हैं। भारत और ब्रिटेन के बीच हाल ही में हुए मुक्त व्यापार समझौते के बाद पीएम स्टार्मर बुधवार को भारत पहुंचे हैं।
पीएम स्टार्मर 100 से अधिक उद्यमियों, सांस्कृतिक हस्तियों और यूनिवर्सिटी के कुलपतियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आए हैं। उनका मकसद ब्रिटेन में निवेश बढ़ाना और आर्थिक वृद्धि में सुधार करना है। पीएम स्टार्मर ने कहा कि भारत के साथ व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के बहुत अधिक अवसर हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि भारतीय कामगारों या छात्रों के लिए वीजा नियमों में और ढील देने की कोई योजना नहीं है। स्टार्मर ने कहा कि मुद्दा वीजा का नहीं है।
यह बिजनेस, निवेश, रोजगार और ब्रिटेन में समृद्धि लाने से जुड़ा है। भारत और यूके के बीच कई वर्षों की बातचीत के बाद इस साल जुलाई में मुक्त व्यापार समझौता हुआ था। इस समझौते के तहत ब्रिटिश कारें और व्हि*स्की भारत को सस्ती दरों पर निर्यात की जा सकेंगी, जबकि भारतीय वस्त्र और आभूषण ब्रिटेन को कम कीमत पर भेजे जा सकेंगे। इससे दोनों देशों के बीच अरबों पाउंड का व्यापारिक लाभ होगा।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
