नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह से हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। इसके कारण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अधिकतर इलाकों में ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ गई है। भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि सुबह 8 बजकर 30 मिनट तक सफदरजंग में 13.1 मिलीमीटर, पालम में 49.4 मिलीमीटर, लोधी रोड पर 12.6 मिलीमीटर, आया नगर में 57.4 मिलीमीटर, प्रगति मैदान में 9.6 मिलीमीटर, पूसा में पांच मिलीमीटर, मयूर विहार में 17.5 मिलीमीटर, नजफगढ़ में 17 मिलीमीटर और जनकपुरी में 14.5 मिलीमीटर बारिश हुई है।
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और पूर्वानुमान जताया है कि कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ और बारिश हो सकती है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा है कि भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में इस समय मौसम खराब है, लेकिन वायु सेवाएं अपने निर्धारित समय पर चल रही हैं।
यात्रियों को सलाह दी जाती है कि हवाई अड्डे तक जल्दी पहुंचने के लिए दिल्ली मेट्रो सेवा सहित अन्य तरीकों का इस्तेमाल करें।विमानों की ताजा स्थिति के लिए अपनी विमानन सेवाओं से संपर्क करें। विमानन कंपनी इंडिगो ने एक्स अकाउंट पर लिखा है कि बारिश के कारण विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। दिल्ली की सड़कों पर जाम की स्थिति देखी जा रही है। ऐसे में अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें और हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले हमारी वेबसाइट या ऐप पर अपनी उड़ान की स्थिति जांच लें।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
