नई दिल्ली: दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी किनारे रह रहे लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ की चार टीमें लगाई गई हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह 8 बजे यमुना नदी का जलस्तर पुराने रेलवे पुल पर 206.83 मीटर दर्ज किया गया। अभी जलस्तर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, इसलिए प्रशासन ने बाढ़ की चेतावनी जारी कर दी है। अनुमान लगाया गया है कि जलस्तर लगभग 206.90 मीटर तक पहुंच सकता है।
एनडीआरएफ के डीआईजी मोहसिन शाहिदी ने बताया कि मंगलवार दोपहर के बाद से दिल्ली में एनडीआरएफ की चार टीमों की तैनाती की गई है। इसमें से एक यमुना बाजार एरिया में तैनात है। उन्होंने कहा कि एहतिहातन यहां से करीब 150 लोगों को निकालकर रिलीफ शेल्टर में रखा गया है। फिलहाल स्थिति कंट्रोल में है।
रिपोर्ट के अनुसार शाम तक जलस्तर में गिरावट आएगी और कल से स्थिति बेहतर होगी। डीआईजी मोहसिन शाहिदी ने कहा एनडीआरएफ की दस टीमें रिजर्व पर हैं और जरूरत पड़ने पर उनकी तैनाती भी की जाएगी।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
