नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज शनिवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम के तहत पीएम-किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त जारी की है। उन्होंने देशभर के 9.7 करोड़ से अधिक किसानों को 20 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने वाराणसी से देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह उनकी वाराणसी की पहली यात्रा है।
उन्होंने कहा कि 22 अप्रेल को पहलगाम में हुए आ*तंकवादी हमले में 26 निर्दाष लोगों की बेरहमी से ह*त्या कर दी गई थी। उन्होंने इस त्रासदी से प्रभावित परिवारों, विशेषकर बच्चों और बेटियों के दुःख को भी साझा किया। पीएम मोदी ने पीएम-किसान सम्मान निधि योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने पिछली सरकारों से इसकी तुलना करते हुए कहा कि उस समय किसानों के नाम पर की गई एक भी घोषणा शायद ही कभी पूरी हुई हो। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार अपने वादों को पूरा करती है।
उन्होंने पीएम-किसान सम्मान निधि को सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में पीएम-किसान सम्मान निधि का शुभारंभ हुआ था। इसके बाद से पीएम-किसान सम्मान निधि बिना किसी रुकावट के जारी है। उन्होंने कहा कि अब तक 3.75 लाख करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में हस्तांतरित किए जा चुके हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इस महीने की शुरुआत में केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना को स्वीकृति दी है। इस योजना के लिए 24 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। इस पहल का ध्यान उन जिलों पर होगा जो पिछली सरकारों की दोषपूर्ण नीतियों के कारण पिछड़ गए थे।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसानों के जीवन में बदलाव लाने, उनकी आय बढ़ाने और खेती की लागत कम करने के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है। हम बीज से लेकर बाजार तक किसानों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए देश भर में लाखों करोड़ रुपये की सिंचाई योजनाएं लागू की जा रही हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना भी शुरू की है। इस योजना के तहत किसानों को अब तक 1.75 लाख करोड़ रुपये से अधिक के दावों का निपटान प्राप्त हो चुका है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
