सवाई माधोपुर: आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉक्टर टी शुभमंगला के निर्देश पर प्रदेश में चलाए जा रहे शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जैमिनी ने खुद मैदान में उतर कर कमान संभाल ली है। डॉ. जैमिनी के नेतृत्व में फूड सेफ्टी ऑफिसर वेद प्रकाश पूर्विया व नितेश गौतम की टीम द्वारा दीपावली के त्यौहार पर लगातार ताबड़तोड़ छा*पेमार कार्रवाही की जा रही है।
विभागीय टीम ने गुरुवार तड़के 3 बजे बड़ी रेलवे स्टेशन के बाहर बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया। टीम द्वारा 50 क्विंटल मावे को अमानक होने के संदेह पर डिटेन कर सीज किया गया। विभाग को मिली सूचना के अनुसार आगरा से चल कर सवाई माधोपुर को आने वाली आगरा फोर्ट पैसेंजर ट्रेन से लगभग 50 क्विंटल जो कि लगभग 120 कट्टों में (प्रत्येक कट्टे में 40 से 50 किलो) मावा आया था, जिसकी कीमत 200 रुपए प्रति किलो थी जो कि बाजार भाव से बहुत कम थी।
जो कि मिलावटी/अमानक होने का संदेह पैदा करता है। यहाँ मावा प्लेटफार्म नंबर 4 से ऑटो व पिकअप में भरकर सवाई माधोपुर की विभिन्न फर्मों राहुल मावा भंडार, न्यू विजय मावा भंडार, पारस मिष्ठान भंडार, वर्धमान मावा, बंसल स्वीट्स, बृजवासी स्वीट्स, कल्पतरु स्वीट्स, राधेश्याम कल्याणमल मावा भंडार, लवली केटर्स, जय अम्बे मिष्ठान भंडार एवं कई अन्य हेतु सप्लाई हेतु मँगाया जाना बताया गया। खाद्य विभाग की टीम जो कि पहले से ही पूरी तैयारी से वहाँ मौजूद थी ने सुबह 3 बजे मुस्तैदी से पूरा मावा डिटेन किया तथा सभी फर्मों के मालिकों को बुलाकर मौके पर नमूनीकरण किया, तथा विभिन्न फर्मों के मावे को कोल्ड स्टोरेज में रखवा कर सीज किया गया।
सम्भवतया यह सवाई माधोपुर की अब तक की बहुत बड़ी कार्यवाही है। लिए गए सभी नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भिजवाया गया। लैब रिपोर्ट प्राप्त होने पर तदनुसार खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 नियम एवं विनियम 2011 के अनुसार सख्त अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
