सवाई माधोपुर: देश के सबसे बड़े राष्ट्रीय पत्रकार संगठन इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) का 75वां स्थापना दिवस मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित सूचना केंद्र में हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (आईएएस) गौरव बुडानिया उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष राजेश शर्मा ने की।
जिला महासचिव इंजी. ज़ियाउल इस्लाम ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में सवाई माधोपुर मुख्यालय सहित गंगापुर सिटी, बामनवास, बौंली, खंडार, मलारना डूंगर और चौथ का बरवाड़ा से जुड़े पत्रकारों ने भारी वर्षा और प्रतिकूल मौसम के बावजूद उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला अध्यक्ष राजेश शर्मा ने संगठन की स्थापना यात्रा और पत्रकार हितों के लिए इसकी निरंतर सक्रिय भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आईएफडब्ल्यूजे ही ऐसा संगठन है जो पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहता है।
संगठन में ही शक्ति निहित है, संगठित रहकर हम हर चुनौती का समाधान कर सकते हैं। मुख्य अतिथि गौरव बुडानिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता एक चुनौतीपूर्ण क्षेत्र बन गया है। सोशल मीडिया के युग में समाचार प्रस्तुति का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। इसलिए पत्रकारों को चाहिए कि वे प्रत्येक समाचार में नया दृष्टिकोण और विश्लेषण प्रस्तुत करें ताकि पाठकों की रुचि बनी रहे। उन्होंने कहा कि मीडिया और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल समाजहित में सार्थक परिणाम दे सकता है।
साथ ही उन्होंने पत्रकारों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और सभी को स्थापना दिवस एवं दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पत्रकारों ने अपने विचार साझा किए और संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि गौरव बुडानिया ने पत्रकार एडवोकेट अजय शेखर दबे (चौथ का बरवाड़ा), उत्तम कुमार मीना (गंगापुर सिटी), प्यारे लाल योगी (मलारना डूंगर), सुदीप गौड़ (बामनवास), रूप सिंह गुर्जर (खंडार) तथा रोहित गुप्ता (सवाई माधोपुर) को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। जिला अध्यक्ष राजेश शर्मा ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया और सहायक जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र कुमार मीना का दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन संगठन सचिव राजेश गोयल ने किया।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
