राजस्थान की भाजपा सरकार ने सोमवार देर शाम एक आदेश जारी कर पिछली कांग्रेस सरकार की राजीव गांधी युवा मित्र इंटर्नशिप योजना को बंद करने का ऐलान किया है। इस योजना के अंतर्गत करीब 5 हज़ार युवा लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का काम कर रहे था। इसके लिए उन्हें भत्ता दिया जाता था। 12वीं पास युवाओं को 6 महीने से लेकर अधिकतम 2 साल तक के लिए इस योजना से जोड़ा जाता रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा है कि, राजीव गांधी युवा मित्र इंटर्नशिप कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहे करीब पांच हज़ार युवाओं की सेवाएं समाप्त करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा है की ये युवा सरकार की योजनाओं के बारे में जागरुक हैं एवं सरकार की काफ़ी मदद कर रहे हैं। नई सरकार को इस योजना के नाम से परेशानी थी तो राजीव गांधी सेवा केन्द्रों की भांति नाम बदलकर अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर कर सकती थी। जबकि प्रदेशवासी जानते हैं कि पिछले कार्यकाल में भाजपा सरकार द्वारा अस्थायी तौर पर लगाए गए पंचायत सहायकों को हमारी सरकार ने स्थायी कर उनका वेतन बढ़ाया था। ऐसी ही सकारात्मक सोच से नई सरकार को भी राजीव गांधी युवा मित्र इंटर्नशिप कार्यक्रम को जारी रखना चाहिए। बीते ही दिन मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा था कि जनहित से जुड़ी कोई योजना बंद नहीं की जाएगी। जबकि देर शाम इस योजना को बंद करने के आदेश जारी हुए है।
बीबीसी न्यूज हिन्दी
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया