नई दिल्ली: दिल्ली में बीजेपी की नई सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग में महिलाओं के लिए हर महीने 2500 रुपये देने के बीजेपी के चुनावी वादे पर फैसला नहीं होने के बाद आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेता दिल्ली सरकार पर लगातार हम*लावर हैं। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आप नेता आतिशी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा था कि भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली की जनता से वादा किया था कि पहली कैबिनेट की मीटिंग में ढाई हजार रुपये प्रति माह की योजना, जो दिल्ली की हर महिला को मिलने हैं, वो पास होगी।
उन्होंने कहा था कि आज दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी ने शपथ ली। उनकी कैबिनेट की शपथ ली। आज शाम दिल्ली की कैबिनेट की पहली बैठक होगी। दिल्ली की सभी महिलाएं इंतजार कर रही हैं कि इस बैठक में ढाई हजार रुपए प्रतिमाह की योजना पास होगी। विपक्ष के आरोपों पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पत्रकारों से बीतचीत में कहा कि दिल्ली में 15 साल कांग्रेस का शासन रहा।
आम आदमी पार्टी ने 13 साल शासन किया। अपना कार्यकाल देखने के बजाए हम पर एक दिन में सवाल उठाने वाले ये कौन लोग हैं। उन्होंने कहा कि इन्हें कोई अधिकार नहीं है, हमसे सवाल करने का। इन्हें अपना गिरेबां झांककर देखना चाहिए। दिल्ली की चिंता अब हम करेंगे। मोदी जी के नेतृत्व में दिल्ली के जो अधिकार हैं, वो दिल्ली को दिए जाएंगे।