सवाई माधोपुर: जिला कलक्टर काना राम ने प्रधानमंत्री टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्राम पंचायत सुनारी के स्वास्थ्य केन्द्र में आयोजित टी.बी. जांच शिविर का बुधवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने शिविर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं तथा विशेष रूप से पोर्टेबल एक्सरे मशीन की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अमित गोयल ने बताया कि पोर्टेबल एक्स-रे मशीन के माध्यम से संभावित टी.बी. रोगियों की छाती का एक्स-रे कर रोग की पहचान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि यह तकनीक क्षेत्र में टी.बी. रोगियों की शीघ्र पहचान में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रही है। इस दौरान शिविर में 170 सम्भावित टी.बी. रोगियों की पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से जांच की गई। शिविर में चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा संभावित टी.बी. रोगियों की स्क्रीनिंग कर एक्स-रे जांच तथा टी.बी. परीक्षण किए गए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में 18 दिसम्बर तक शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें आधुनिक तकनीक के जरिये संभावित रोगियों की पहचान सुनिश्चित की जा रही है।
11 से 18 दिसम्बर तक यहां लगेंगे टी.बी. जांच शिविर:
उन्होंने बताया कि 11 दिसम्बर को स्वास्थ्य केन्द्र फलोदी, वेदपुर में, 12 दिसम्बर को टोडरा, कालाकुआ में, 13 दिसम्बर को हलोंदा, बोदल, कुशालीपुरा में, 15 दिसम्बर को दुमोदा में, 16 दिसम्बर को कैलाशपुरी, मोजीपुरा, जालपाखेडी में, 17 दिसम्बर को बलवंतखुर्द, रामनगर, खानपुर एवं 18 दिसम्बर को फिरोजपुरा, भाटपुरा, टेटरा में स्वास्थ्य केन्द्रों पर टीबी रोग की पहचान के लिए शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अनिल कुमार जैमिनी, सीएचओ, आशा सहयोगिनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
