विधानसभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा गुरुवार को पेश किए गए बजट में सवाई माधोपुर को सड़क, पेयजल व छात्रावास निर्माण सहित कई सौगातें मिली हैं। बजट में इस बार सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र में मलारना डूंगर से सांकडा तक सड़क निर्माण के लिए 12 करोड़, जिला मुख्यालय पर अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास भवन निर्माण, झूमर बावड़ी जीर्णोद्वार, संरक्षण व विकास के कार्य सहित जिला मुख्यालय पर शहीद स्मारक बनाने की घोषणा की गई है। इसी प्रकार बनास नदी पर प्रस्तावित एनीकट निर्माण कार्य को भी घोषणा में शामिल किया गया है।

जिला कांग्रेस के प्रवक्ता लक्ष्मी कुमार शर्मा ने राज्य के बजट को विकासोन्मुख बताते हुए कहा कि इससे राजस्थान के सर्वांगीण विकास को एक नई दिशा मिलेगी।
राज्य के बजट प्रस्तावों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट में अपने वादों और घोषणा पत्र के हर एक बिंदु को छूकर समाज के हर तबके को राहत प्रदान की है साथ ही बजट प्रावधानों के जरिए राज्य में विकास के नए आयाम स्थापित हो सकेंगे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया