नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली के इंदिरा गांधी भवन में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिवों और प्रभारियों की बैठक की है। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ पार्टी के अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इसके मकसद के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि बैठक में कांग्रेस के अधिवेशन पर लंबी चर्चा हुई, जो 8 और 9 अप्रैल को अहमदाबाद में होने जा रहा है।
8 अप्रैल को अहमदाबाद में ही कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक होगी और 9 तारीख को एआईसीसी का अधिवेशन होगा। जयराम रमेश ने कहा कि इसके अलावा 27 मार्च, 28 मार्च और 3 अप्रैल को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी भवन में देश के सभी जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) अध्यक्षों की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक कई सालों के बाद हो रही है, मुझे लगता है कि 16 साल के बाद हो रही इस बैठक का मकसद डीसीसी को और मजबूत बनाना है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
