सवाई माधोपुर स्थापना दिवस के अवसर पर 19 एवं 20 जनवरी को आयोजित होने वाले दो दिवसीय सवाई माधोपुर उत्सव का भव्य आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ उत्सव स्थलों एवं मार्गाे का निरीक्षण मंगलवार शाम को किया। जिला कलेक्टर ने कहा कि सवाई माधोपुर न सिर्फ भारत में बल्कि सम्पूर्ण विश्व में रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के कारण अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।
सवाई माधोपुर स्थापना दिवस में देशी-विदेशी पर्यटकों के साथ-साथ आमजन की भागीदारी होने के कारण सवाई माधोपुर उत्सव स्थलों एवं मार्गों की व्यापक नियमित रूप से साफ-सफाई, सजावट की जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने दशहरा मैदान पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु स्थल के समतलीकरण एवं मिट्टी भराव के निर्देश आयुक्त नगर परिषद पंकज मीना को दिए है। उन्होंने इस दौरान शोभा यात्रा प्रारम्भ स्थल भैरू दरवाजा पर साफ-सफाई, नाली ढकाव, पर्याप्त सजावट एवं रोशनी के निर्देश भी आयुक्त नगर परिषद को दिए है।

उन्होंने इस दौरान शोभा यात्रा मार्गाे पर कचरा संग्रहण स्थलों के नियमित रूप से सफाई, सफेद चूने से लाइनिंग करवाने तथा शोभायात्रा समापन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों के लिए समुचित पेयजल, प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारी को दिए है।
इसके उपरान्त अतिरिक्त जिला कलेक्टर जीतेन्द्र सिंह नरूका ने मैराथन मार्ग का निरीक्षण कर मार्ग पर प्रारम्भ व समापन स्थल पर लाईनिंग एवं मार्ग पर जगह-जगह ऐरो द्वारा चिन्ह बनाने के निर्देश नगर परिषद आयुक्त पंकज मीना को दिए है। इस दौरान उन्होंने सर्किलों एवं कार्यालयों पर रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश नगर परिषद को दिए है। इस दौरान सहायक निदेशक पर्यटन मधुसूदन सिंह, जिला खेल अधिकारी मीनू सोलंकी सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित थे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया