
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने 92 लोगों को पहुंचाया रैन बसेरों में
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के द्वारा 22 से 24 दिसम्बर तक अभियान चलाकर करीब 92 लोगों को रैन बसेरो तक पहुंचाया गया। इस कार्य में पीएलवी व नगर परिषद (डे-एनयूएलएम) के सदस्य शामिल रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा टीम का गठन कर आश्रय विहीन मजबूर गरीब, असहाय व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हे रैन बसेरों में प्रवेश दिलाने हेतु अभियान चलाया जा रहा है।

श्वेता गुप्ता सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर ने बताया कि 22 से 24 दिसम्बर तक टीम के सदस्य पीएलवी दिनेश कुमार बैरवा, मुकेश शर्मा तथा रजनीश शर्मा डे-एनयूएलएम द्वारा सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी शहर के विभिन्न स्थानों जैसे- रेल्वे स्टेशन, जामा मस्जिद, महावीर पार्क, इन्दिरा मैदान, टोंक बस स्टैंड, बरवाड़ा बस स्टैंड, खंडार, श्योपुर बस स्टैंड, जिला अस्पताल आदि स्थानो पर फुटपाथ एवं सड़को पर कड़ाके की सर्दी में रात गुजारने वाले लोग जिनको रैन बसेरो की जानकारी नहीं है अथवा आधार कार्ड की अनिवार्यता के कारण रैन बसेरा में प्रवेश करने से वंचित रहे गये हैं, उनको जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर द्वारा चिन्हित कर रैन बसेरो में प्रवेश दिलाया गया। अब तक 55 पुरुष, 22 महिला, 15 बच्चों सहित कुल 92 व्यक्तियो को रैन बसेरों मे प्रवेश दिलाया।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया