म्यांमार: म्यांमार में शुक्रवार को आए भूकंप के कारण अब तक कम से कम 1002 लोगों की लोगों की मौ*त की पुष्टि हो चुकी है और 2300 लोग घायल हुए हैं। ये जानकारी म्यांमार के मिलिट्री लीडरों ने दी है। कुछ घंटे पहले ही म्यांमार के सैन्य शासन प्रमुख मिन ऑन्ग हल्येंग ने कहा था कि मृ*तकों और घायलों की संख्या और बढ़ सकती है।
शुक्रवार को म्यांमार में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप ने कई इमारतों को ध्वस्त कर दिया। म्यांमार के साथ ही थाईलैंड में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप ने दोनों देश में तबाही मचा दी है। म्यांमार के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले में स्थित हाई राइज बिल्डिंग में अभी भी सात लोग फंसे हुए हैं। बचावकर्मी इन्हें निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
बचावकर्मियों में शामिल एक शख्स ने कहा कि रातभर में बिल्डिंग से 50 लोगों को बचा लिया गया है। म्यांमार में आए भूकंप को 24 घंटे से अधिक हो गए हैं। एक बचावकर्मी ने कहा कि हम अभी भी फंसे हुए बाकी लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हमें बड़े मशीनों की जरूरत है। वे अभी भी चिल्ला रहे हैं और हम अब भी उनकी आवाजें सुन सकते हैं, लेकिन हमें यह नहीं पता कि वे कहाँ हैं। अगर हमें बड़ी मशीन मिल जाए तो हम मलबा हटा सकते हैं और फिर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाल सकते हैं।